मुरादाबाद। मझोला थाने के पास महिला चौकीदार नन्ही की हत्या की सुपारी भोजपुर के विट्टू ने इरफान नाम के व्यक्ति से ली थी। इसके लिए बिट्टू ने अपना गैंग तैयार किया और सोमवार की शाम हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस की गिरफ्त में आए सानिब, मो. सानिब सैफी और इमरान से पूछताछ में खुलासा हुआ है। यह भी पता चला कि इरफान को नन्ही मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी।
सिविल लाइंस के जिगर कॉलोनी निवासी पेट्रोल पंप संचालक अरमान का मझोला थाने के पास समृद्धि विहार से सटा हुआ एक प्लॉट है। कुंदरकी के ऊंचाकानी निवासी महिला नन्ही इस प्लॉट की चौकीदारी कर रही थी। सोमवार की शाम गोली मारकर नन्ही की हत्या कर दी गई थी। हत्या कर भाग रहे एक आरोपी को नन्ही के बेटे महबूब ने पकड़ लिया था जबकि चार आरोपी मौके से भाग गए थे। इस मामले में नन्ही के बेटे महबूब ने भगतपुर के उदावाला रोशनपुर निवासी मो.शानिव सैफी, जुनैद, भोजपुर के मोहल्ला नावपुर निवासी शानिव इमरान और भोजपुर निवासी विट्टू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मो. शानिव, शानिव और इमरान को हिरासत में ले लिया है। इससे पूछताछ में पता चला कि इरफान नाम के व्यक्ति ने विट्टू को पांच लाख रुपये में सुपारी दी थी। इसके लिए विट्टू ने उन्हें अपनी गैंग में शामिल कर लिया था। उसने बताया कि इरफान और नन्ही के बीच विवाद चल रहा है। इरफान को डर है कि नन्ही उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा सकती है। इस लिए ही उसने सुपारी देकर नन्ही की हत्या कराई है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि विट्टू, इरफान और जुनैद के पकड़े जाने के बाद ही उनसे पूछताछ करने के बाद हत्या की सही वजह सामने आ पाएगी।
तीन दिन से रेकी कर रहे थे हत्यारोपी
मुरादाबाद। पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों आरोपियों ने कबूला है कि वह पिछले तीन दिन से इसी इलाके में घूमकर रेकी कर रहे थे। वह मौके की तलाश में थे कि नन्ही प्लॉट से बाहर आएगी तो उसकी हत्या करने के बाद भाग जाएंगे। लेकिन नन्ही प्लॉट से बाहर आती कभी दिखाई नहीं दी तो सोमवार की शाम प्लॉट के अंदर ही चले गए थे।