मुरादाबाद। भारत-पाक क्रिकेट मैच को मुरादाबाद में लोगों ने बेहद उत्सुकता से देखा। मैच की एक-एक बॉल का रोमांच अलग रहा। शहर की तमाम कॉलोनियों और मोहल्लों में लोग टीवी और मोबाइलों पर व्यस्त रहे। चौक चौराहों की दुकानों पर भी ग्राहकों में मैच की ही चर्चा रही। भारतीय टीम के किसी बॉलर की गेंद पर बाउंड्री लगती दर्शकों के चेहरे उतर जाते।
वहीं पाक टीम का विकेट गिरने पर लोग खुशी से झूम उठते थे। दूसरी पारी में बारत की बल्लेबाजी का लोगों ने लुत्फ उठाया। विराट, रोहित के आउट होने के बाद तरह तरह की चर्चाएं होने लगीं। हार-जीत की संभावना व्यक्त की जाने लगी। सूर्य कुमार और जडेजा के बीच और इसके बाद जडेजा और पांड्या के बीच पारी पनपी तो लोगों ने राहत की सांस ली। आखिरी ओवर में जडेजा की विकेट गिरने पर एक बार फिर खामोशी छाई। दो गेंदों के बाद ही पांड्या ने अपने चिर-परिचित अंदाज में विजयी छक्का लगाकर देशवासियों की जीत की हार्दिक बधाई दी। जीत का दृश्य देख लोग झूम उठे और पटाखे जलाए गए।