मुरादाबाद। छजलैट विकास खंड क्षेत्र की ग्राम रसूलपुर गुज्जर में संभावित लंपी डिजीज से पीड़ित मिले 13 गोवंश में से सर्वाधिक प्रभावित छह गोवंशों के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिसके बाद पशु पालन विभाग ने कुछ राहत की सांस ली है।
करीब एक सप्ताह पहले रसूलपुर गुज्जर के 13 गोवंशों में इस रोग के लक्षण पाए गए गए थे। जिसके बाद पशु चिकित्सा विभाग ने जिले में अलर्ट जारी करने के साथ सात गोवंशों का उपचार कर स्वस्थ कर लिया था। शेष छह गोवंशों के खून और खाल के सैंपल परीक्षण के लिए भोपाल स्थित लैब भेजे थे। जिला पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार कंछल ने बताया कि भोपाल भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट आज प्राप्त हो गई है। जो निगेटिव आई है। लेकिन इसके बाद भी सतर्कता में किसी तरह की कोई कमी नहीं की जा रही है।
जिले की सभी गोशालाओं में डीडीटी समेत अन्य कीटनाशक दवाओं का छिड़काव मच्छर और मक्खी से बचाव के लिए करा दिया गया है। ब्लाक स्तर पर पशु चिकित्सकों व पशु सहायकों की टीम गठित कर सतत निगरानी करने तथा रिपोर्ट प्रतिदिन शाम को तीन बजे तक देने के निर्देश दिए गए हैं।