नए पुल के पिलर में आईं दरारें
भाखड़ा डैम पर करीब 16 साल पहले बना नया पुल भी अब खतरे की जद में आ गया है। पीडब्ल्यूडी के नैनीताल हाईवे पर बनाए गए इस पुल के एक पिलर में दरारें आने शुरू हो गई हैं, जिससे पुल पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। पुल के एक छोर के पिलर के जोड़ पर ऊपर से नीचे तक लंबी दरार आ गई है और दीवार पर सीलन व रिसाव के निशान भी बन गए हैं।
लोगों का कहना है कि रामपुर से रुद्रपुर आने-जाने के लिए यह पुल प्रमुख मार्ग है। पुल से होकर रोजाना हजारों गाड़ियां रामपुर से रुद्रपुर और रुद्रपुर से रामपुर आती-जाती हैं। जबकि रोजाना इस पुल से तमाम स्कूलों की बसें गुजरती हैं और पहाड़ों पर जाने वाले पर्यटक भी इसी रोड से गुजरते हैं। ऐसे में अगर यह पुल टूट गया तो गंभीर हादसा हो सकता है, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ सकता है।