कांठ। मंगलवार को किसान भवन छजलैट में भारतीय किसान यूनियन टिकैत की बैठक हुई। इसमें किसानों की समस्याओं और क्षेत्रीय मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाया गया। किसानों की समस्याओं को दूर कराने की मांग भी दोहराई।
कार्यक्रम में भाकियू टिकैत के प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिमी यूपी चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि आज किसान समस्याओं से जूझ रहे हैं। किसानों को न तो फसलों का उचित दाम ही मिल रहा है और न ही समस्याओं का निस्तारण हो रहा है। इस दौरान किसानों ने नहरों में पानी की आपूर्ति दिए जाने, बिजली समस्याओं को दूर कराने, गन्ने का बकाया भुगतान किसानों को समय पर दिलाने, छजलैट में पानी की निकासी के लिए नाले का निर्माण कराने, तहसील मुख्यालय पर मृदा परीक्षण केंद्र स्थापित कराने आदि की मांग जोरदार ढंग से उठाई। जल्द ही मांगों के पूरा नहीं होने पर धरना प्रदर्शन किए जाने की भी चेतावनी दी। इस अवसर पर जिला सचिव रामकला सिंह व ब्लॉक अध्यक्ष अंगद चौधरी आदि रहे।