मंडी धनौरा। भारतीय किसान यूनियन शंकर ने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार को एसडीएम के साथ वार्ता की। वार्ता के दौरान बिजली व पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद थे। भाकियू शंकर ने ग्रामीण क्षेत्र में बिजली कटौती पर रोष व्यक्त करते हुए सिंचाई के लिए 10 घंटे आपूर्ति की मांग की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवाकर सिंह के नेतृत्व में भाकियू शंकर के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को सभागार में एसडीएम से वार्ता की। भाकियू नेताओं का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्र को सिंचाई बिजली की आपूर्ति कम से कम 10 घंटे की जानी चाहिए। पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से फसलें सूखने के कगार पर हैं। भाकियू नेताओं ने खसरा खतौनी में अंश निर्धारण में हुई गलती के सुधार की मांग की।
एसडीएम चंद्रकांता ने आश्वासन दिया कि इसके लिए गांव गांव लेखपाल जाएंगे। वार्ता के दौरान वेव इंडस्ट्रीज पर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने की मांग की गई। एसडीएम ने इस संबंध में प्रबंधन से वार्ता का आश्वासन दिया। छुट्टा पशुओं को पकड़ कर गोशाला भिजवाने की मांग भी की गई। इस मौके पर दिवाकर सिंह, जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, नेमपाल सिंह, रीना रानी, प्रियंका भटनागर, जोनी, समरपाल सिंह, जगराम सिंह, उमेश पाल आदि मौजूद थे।