बिलारी। क्षेत्र के भिड़वारी गांव में सोमवार दोपहर हुई भाकियू अराजनैतिक की बैठक में गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि बीती 24 मई को भाकियू की ओर से गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर एसडीएम बिलारी कार्यालय पर धरना दिया गया था। धरना देने के दौरान हुई त्रिपक्षीय वार्ता में बिलारी चीनी मिल प्रबंधन ने यह आश्वासन दिया था कि अवशेष रहे गन्ना मूल्य भुगतान के 12 करोड़ रुपये की धनराशि पांच जून से पहले गन्ना किसानों को मिल जाएगी। इस निर्धारित समय सीमा में अब केवल तीन दिन शेष बचे हैं लेकिन मिल प्रबंधन गन्ना मूल्य भुगतान में उदासीनता दिखा रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि बिलारी चीनी मिल प्रशासन ने पांच जून तक 12 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया गया तब छह जून से भाकियू असली द्वारा पुन: एसडीएम बिलारी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता भाकियू अराजनैतिक के बिलारी तहसील अध्यक्ष विक्की चौधरी और संचलन अंकुर चौधरी ने किया। बैठक में अनेक भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारी मौजूद रहे।