मुरादाबाद। नेशनल गेम्स में बुधवार को उत्तर प्रदेश और हरियाणा की महिला टीमों के बीच हॉकी मैच हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश को 5-1 से हार मिली, लेकिन मुरादाबाद की डिफेंस खिलाड़ी सिमरन और रामपुर की योगिता बोरा का प्रदर्शन शानदार रहा। हरियाणा की टीम में रानी रामपाल सहित कई अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं।
इसके बावजूद पहले हॉफ में सिमरन ने अच्छा डिफेंस किया और हरियाणा की टीम को गोल करने से रोका। दूसरे हाफ में रामपुर की योगिता बोरा ने हरियाणा की खिलाड़ी को गोल करने से रोका। पहले हाफ में हरियाणा की टीम केवल एक ही गोल कर पाई थी। दूसरे हाफ में चार गोल किए। जबकि यूपी की टीम एक मात्र गोल भी आखिरी क्षणों में कर पाई। इससे पहले उत्तर प्रदेश की टीम ने गुजरात को 20-0 के बड़े अंतर से हराया था। अब क्वार्टर फाइनल में सात अक्तूबर को उत्तर प्रदेश की टीम झारखंड से भिड़ेगी। इसमें सिमरन और योगिता के प्रदर्शन पर मंडल के खेल प्रेमियों की नजर रहेगी।