बिलारी थानाक्षेत्र से लापता युवती की बरामदगी के बाद कोर्ट आए एक दरोगा की बृहस्पतिवार दोपहर कचहरी में पिटाई कर दी गई। वर्दी फाड़ दी गई। इस मामले में युवती के माता, पिता सहित छह लोगों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में देर रात एफआईआर दर्ज की गई है।
बिलारी में तैनात दरोगा फूल कुंवर थानाक्षेत्र से एक युवती के लापता होने के मामले में विवेचना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि युवती बरामद हो गई है, उसने बरामदगी के बाद अपने प्रेमी के पक्ष में बयान दिए हैं। इस वजह से युवती के परिवार वाले नाराज हैं।
कोर्ट के आदेश पर युवती को लेकर बृहस्पतिवार दोपहर को दरोगा कचहरी आए थे। यहां पर युवती के परिवार वाले भी आ गए। इस दौरान दरोगा से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि दरोगा से वहां पर मारपीट की गई। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकजुट हो गए, उन्होंने बीच बचाव कर दरोगा को बचाया।
एसएचओ सिविल लाइन नवल मारवाह ने बताया कि देर रात को दरोगा ने मारपीट के संबंध में तहरीर दी। जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन पर दरोगा से मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप है। जिसमें युवती के माता, पिता, भाई और भाभी आरोपी हैं। मामले की जांच की जा रही है। दरोगा से मारपीट करने वालों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।