कोतवाली क्षेत्र स्थित चड्ढा कांप्लेक्स के पास बाइक सवार को पीटती महिला।
- फोटो : अमर उजाला
तेज स्पीड में बाइक चलाना एक युवक को महंगा पड़ गया। बाइक की टक्कर एक स्कूटी से होने से बाल बाल बची तो स्कूटी सवार महिला का पारा चढ़ गया। वह आपा खो बैठीं और बीच सड़क बाइक सवार युवक को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। कई थप्पड़ मारे, महिला के रिश्तेदारों ने युवक को पीटते पीटते कपड़े तक फाड़ दिए।
युवक को दोबारा से बाइक स्लो स्पीड में चलाने की नसीहत दी और राहगीरों के बीच बचाव करने पर उसे छोड़ा। गौरतलब है आए दिन बाइक सवार युवक फर्राटा भरते निकलते हैं और राह चलती लड़कियों से छेड़खानी करते हैं। ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र का है। यहां पर शनिवार देर शाम एक महिला स्कूटी पर अपने रिश्तेदार के साथ जा रही थी। इस दौरान एक युवक बाइक पर सामने से तेज रफ्तार में आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चड्ढा कॉम्पलेक्स के पास बाइक की टक्कर स्कूटी से होने से बची, बाइक सवार ने स्कूटी से एक कदम दूर ही ब्रेक लगाए थे।
हादसा होने से तो बच गया लेकिन स्कूटी सवार महिला को गुस्सा आ गया। वह अपने रिश्तेदार के साथ स्कूटी से नीचे उतरीं और बाइक सवार को पकड़कर उसकी धुनाई शुरू कर दी। बीच चौराहे बाइक सवार को कई चाटें मारे, उसे दौड़ा दौड़ाकर पीटा।
रिश्तेदार सहित अन्य लोगों ने भी बाइक सवार को इस कदर पीटा कि उसके कपडे़ तक फट गए, वह अर्द्धनग्न हो गया। युवक की ज्यादा पिटाई होते देख राहगीर बीच बचाव करने पहुंचे और उसे बचाया। इस घटना की वीडियो एक राहगीर ने बना ली है। पुलिस से शिकायत नहीं की गई है। एसएचओ कोतवाली सतीश यादव का कहना है कि शिक ायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।