कुंदरकी। खेत पर बुलाकर एक युवक को जबरन शराब पिलाने, विरोध करने पर मारपीट और अपमानित करने का मामला सामने आया है।
कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर निवासी वत्तनलाल वाल्मीकि ने थाने में दर्ज कराई में बताया है कि बीती 15 जुलाई की शाम करीब सात बजे उसके बेटे अशोक कुमार गांव के एक ग्रामीण के ई-रिक्शा से क्षेत्र के एक बाग की ओर गया था। रास्ते से ई रिक्शा में गांव का ही एक और युवक बैठ गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद धर्मेंद्र ने अशोक कुमार को खेत पर बुलाकर जबरन शराब पिलाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके बेटे के साथ मारपीट की और अपमानित किया, इसके बावजूद भी जबरन शराब पिला दी और गालियां बकीं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उसके बेटे को बचाया। परिजनों का आरोप है कि मारपीट में पीड़ित अशोक कुमार के सिर, चेहरे व शरीर पर चोटें आईं, जिसका उपचार अस्पताल में कराया गया। थाना प्रभारी जम्बीर सिंह जादौन ने बताया कि आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।