संभल के गुन्नौर कोतवाली इलाके के गांव महमूदपुर में नाई ने अनुसूचित जाति के लोगों के बाल काटने से इनकार कर दिया। इस पर ग्रामीण एकत्र हो गए। मामला पुलिस तक पहुंचा, तो बाद में दोनों पक्षों में सहमति बन गई। तय हुआ कि नाई गांव में दुकान करेगा, तो सभी लोगों के बाल काटेगा।
गुन्नौर के गांव महमूदपुर के रहने वाले धर्मवीर नाई की गांव में ही हेयर सेलून हैं। गांव में अनुसूचित जाति, ओबीसी व सामान्य वर्ग के लोग रहते हैं। सभी लोग दुकान पर बालों की कटिंग कराने आते हैं।
शुक्रवार को सैलून पर अनुसूचित जाति का एक व्यक्ति बालों की कटिंग कराने पहुंचा, तो उसने मना कर दिया। अनुसूचित जाति वर्ग के व्यक्ति ने वापस घर जाकर अपने परिजन व समाज के लोगों को बताई। इसके बाद अनुसूचित जाति वर्ग के सभी लोग एकत्र होकर नाई की दुकान पर पहुंच गए।
उन्होंने नाई से उनके बाल न काटने का कारण पूछा, तो कारण स्पष्ट नहीं बताया। इसके बाद अनुसूचित जाति वर्ग के कुछ लोगों ने गुन्नौर कोतवाली में शिकायत कर दी। शिकायत पर पुलिस ने नाई व अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को कोतवाली बुला लिया। पुलिस के पूछने पर नाई ने बताया कि गांव में अन्य वर्ग के लोग अधिक हैं।
उन्होंने कहा कि अगर वह अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के बाल काटेगा, तो वह लोग उससे कटिंग नहीं कराएंगे। इसके बाद नाई ने गांव में दुकान करने से मना कर दिया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया। जिसमें तय हुआ कि यदि वह गांव में दुकान चलाएगा, तो सभी जातियों के बाल काटने का काम करेगा।
एक नाई ने बाल काटने से मना कर दिया था। इस बात पर कुछ विवाद हो गया था। दोनों पक्ष गुन्नौर कोतवाली आए थे। वहां उनमें समझौता हो गया है, अब किसी भी तरह का कोई विवाद नहीं है। - आलोक सिद्धू, सीओ गुन्नौर।