मुरादाबाद। एल्डर कमेटी ने प्रस्ताव लाकर सोमवार को अहम बैठक की। जिसमें दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव की घोषणा की। तीन अक्तूबर को नामांकन होंगे और 31 अक्तूबर को मतदान किया जाएगा।
दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के सभागार में हुई एल्डर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन रमा शंकर ने की। बैठक में सदस्य सुभाष चंद्र गुप्ता, विजय कुमार गुप्ता एवं महेश चंद्र त्यागी उपस्थित रहे। चेयरमैन रमा शंकर एवं सदस्य सुभाष चंद्र गुप्ता ने बताया कि बार चुनाव की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। जिसमें 15 सितंबर तक बार के सभी सदस्य अपना बकाया जमा करेंगे। इसके बाद 27 सितंबर को वोटर लिस्ट बनाई जाएगी। किसी अधिवक्ता को वोटर लिस्ट पर आपत्ति होगी तो वह 28 सितंबर तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। 30 सितंबर को फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 3 और 4 अक्तूबर को प्रत्याशी अपना नामांकन कराएंगे। 8 अक्तूबर 2022 को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 10 अक्तूबर को नाम वापसी होगी। जिसके बाद 31 अक्तूबर को मतदान होगा। एक नवंबर 2022 को मतगणना आरंभ होगी।