मुरादाबाद। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन के आह्वान पर हुई दो दिवसीय हड़ताल से नकदी की किल्लत हो गई है। आधे शहर के 35 एटीएम में से सिर्फ सात एटीएम संचालित मिले। इसके अलावा चार एटीएम में कनेक्टिविटी की समस्या मिली, जबकि एक एटीएम में सिर्फ संबंधित बैंक के कार्ड से ही नकदी निकली। रुपयों के लिए लोग एक से दूसरे, दूसरे से तीसरे एटीएम के चक्कर लगाते रहे।
दिल्ली रोड, पीलीकोठी चौराहा, सिविल लाइंस, हैलेट रोड, गुरहट्टी चौराहा, कांठ रोड के 35 एटीएम में से रेलवे स्टेशन और पीएसी तिराहा पर भारतीय स्टेट बैंक के तीन एटीएम में कनेक्टिविटी की समस्या रही। शनिवार शाम चार बजे से रविवार को भी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
वेतन निकालने को लगी लाइन
रेलवे कर्मचारियों का वेतन और पेंशन, फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों का वेतन एक फरवरी को आ गया था। रविवार सुबह से ही एटीएम पर लोग नकदी निकालने पहुंचने लगे। इसकी वजह से डीआरएम कार्यालय की एक मशीन और हैलेट रोड स्थित एटीएम से नकदी खत्म हो गई। गार्ड एके शुक्ला का कहना है कि रविवार का अवकाश होने की वजह से टीम नकदी भरने नहीं आई है।
दूसरी बैंक के कार्ड नहीं किए स्वीकार
बुद्धि विहार निवासी गौरव कुमार ने बताया कि कांशीराम नगर में भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में नकदी थी। उनके पास पंजाब नेशनल बैंक का कार्ड है। जब वह एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे तो मशीन ने कार्ड को स्वीकार नहीं किया, जबकि संबंधित बैंक के कार्ड से रुपये निकल रहे थे। इसके बाद दिल्ली रोड के दो एटीएम भी खाली मिले।
कम नकदी निकालने के निर्देश
एकता कालोनी निवासी रेनू भटनागर का कहना है कि दिल्ली रोड पर चार एटीएम में नकदी नहीं मिली है। इसके बाद यस बैंक के एटीएम से रुपये निकाले हैं। उन्हें पांच हजार रुपयों की आवश्यकता थी, लेकिन एटीएम में सीमित नकदी होने की वजह गार्ड ने कम रुपये निकालने को कहा था। इसकी वजह से वह दो हजार रुपये ही निकाल सकीं।
पाकबड़ा में भी नहीं मिली नकदी
पाकबड़ा निवासी अजीत सिंह ने बताया कि उन्हें परिचित को रुपये देने थे। पाकबड़ा के दो एटीएम में रुपये नहीं थे और एक में बहुत लंबी लाइन लगी हुई थी। करीब एक घंटे का समय लग जाता, इसलिए वह शहर आ गए। यहां पर भी तीन एटीएम में रुपये नहीं मिले।
सात एटीएम में मिले रुपये
दिल्ली रोड पर एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, यस, दिल्ली रोड, आईसीआईसीआई कचहरी रोड, एचडीएफसी सिविल लाइंस, आईसीआईसीआई महिला थाना से रुपये निकाले हैं। एसबीआई डीआरएम कार्यालय पर एक मशीन में थे, जबकि दूसरी खाली हो गई। रेलवे स्टेशन और कांशीराम नगर एसबीआई एटीएम में कार्ड नहीं पकड़ने की समस्या रही, जबकि रेलवे स्टेशन पर बैंक ऑफ बड़ौदा एटीएम में कनेक्टिविटी की समस्या रही।
इन एटीएम से नहीं निकल सके रुपये
पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बैंक आफ बड़ौदा स्प्रिंगफील्ड्स कालेज, इंडियन ओवरसीज, एचडीएफसी, पंजाब नेशनल बैंक, आंध्रा बैंक दिल्ली रोड से फव्वारा चौराहा, आईसीआईसीआई 23 वाहिनी पीएसी, पंजाब नेशनल बैंक पीलीकोठी, एसबीआई हैलेट रोड, पंजाब नेशनल बैंक जैन मंदिर, इलाहाबाद बैंक सिविल लाइंस, कॉर्प एकता द्वार, बीओबी पीलीकोठी, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई, कर्नाटका बैंक, अकबर का किला, एसबीआई नवीन नगर, पंजाब नेशनल बैंक मधुबनी, पंजाब नेशनल बैंक नवीन नगर, बीओबी सब्जी मंडी नवीन नगर, पंजाब नेशनल बैंक पुलिस लाइन गेट, सिंडिकेट बैंक सिविल लाइंस से रुपये नहीं निकल सके।
रविवार को भी एटीएम में नकदी भरवाई गई है। यदि किसी एटीएम का शटर डाउन था तो मैं अभी जांच करा लेता हूं।
दीपक सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, भारतीय स्टेट बैंक।
तीन दिन लगातार करेंसी चेस्ट और बैंक बंद होने के कारण एटीएम में नकदी नहीं भर पाई। इसकी वजह से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। एजेंसी के पास भी नकदी नहीं रही होगी। सोमवार सुबह सभी में नकदी भर दी जाएगी।
सतीश कुमार गुप्ता, अग्रणी जिला प्रबंधक।