दो दिनों की छुट्टी के बाद सोमवार को बैंक खुलेंगे। शनिवार को फोर्थ सटर्डे और रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंक बंद रहे। इस दौरान आर्थिक गतिविधियां पूरी तरह ठप रहीं। महानगर के मात्र दो से तीन एटीएम में कैश लोड किया गया था।
कैश की किल्लत झेल रहे लोगों को दो दिनों बाद सोमवार का इंतजार है। इससे पहले लोग बैंक से कैश लेने को सुबह छह बजे से ही बैंकों के बाहर लाइन में खड़े हो रहे थे। अब दो दिन तक कैश नहीं मिल पाने के कारण सोमवार की सुबह भी लोेगों की लंबी लाइन लगेगी।
शुक्रवार को बैंकों में कैश नहीं होने के कारण कई बैंकों की ब्रांचों से लोगों को खाली हाथ ही लौटना पड़ा था। अब तक बैंकों ने कैश की क्या व्यवस्था की है या नहीं इस पर बैंक अधिकारी खुल कर बोलने को तैयार नहीं हैं। लेकिन सूत्रों के अनुसार पीएनबी और प्रथमा बैंक में कैश की किल्लत रहेगी।
वहीं एसबीआई में लोेगों को कैश दिया जाएगा। प्राइवेट बैंकों में भी सुबह तक कैश आने की उम्मीद है। बैंक अधिकारियों ने बताया कि उनके पास जितना भी कैश उपलब्ध है, सोमवार को बांट दिया जाएगा क्योंकि लोगों को दो दिनों से कैश नहीं मिला है।