तीन दिनों से कैश के लिए एटीएम दर एटीएम भटक रहे लोगों को आज कुछ राहत मिलेगी। तीन दिन की छुट्टी के बाद आज सभी बैंक खुलेंगे। तीन दिन पहले जब बैंक खुले थे, तो अधिकांश बैंकों और एटीएम मशीनों पर हाथापाई और हंगामा हुआ था। ऐसे में तीन दिनों तक कैशलेस रहने के बाद आज बैंक और एटीएम पर लोेगों की भारी भीड़ टूटेगी।
ऐसे में बैंक प्रबंधन और पुलिस प्रशासन को भीड़ काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी। तीन दिनों में महानगर के किसी भी बैंक ने अपने एटीएम में पैसा लोड नहीं किया। पीएनबी के एक एटीएम में कैश था लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण लोग यहां से भी कैश नहीं निकाल पाए थे।
अब लोग मंगलवार को बैंक खुलने और एटीएम में पैसा लोड होने का इंतजार कर रहे हैं। नोटबंदी के बाद से ही बैंकों और एटीएम मशीनों के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग सुबह सात बजे से ही लंबी-लंबी लाइनों में लग रहे हैं।
वहीं तीन दिनों तक बैंकों की छुट्टी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी थी। लोग पूरी तहर कैशलेस हो गए हैं। एटीएम से दो हजार रुपये निकालने के लिए पिछले तीन दिनों में एटीएम पर कैश लोड होने की अफवाह पर भी लोग लाइनों में खड़े दिखे।