मंडी धनौरा। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के अवर अभियंता पर प्रखंड संयोजक के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए बिजलीघर के बाहर चांदपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना पर आए एसडीएम व सीओ की मौजूदगी में जेई द्वारा खेद व्यक्त करने पर जाम खोल दिया गया। इस दौरान वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बजरंग दल के विभागीय संयोजक हेमंत सारस्वत ने बताया कि नगर के मोहल्ला हीरानगर में बिजली के खंभे लगने हैं। बजरंग दल के प्रखंड संयोजक भूपेश कुमार ने खंभे लगाने के लिए अवर अभियंता जितेंद्र कुमार से फोन पर अनुरोध किया। खंभे लगाने के लिए उपखंड अधिकारी पहले ही अपनी स्वीकृति दे चुके थे। आरोप है कि जेई ने खंभे से लगाने से इंकार करते हुए अभद्रता की। जेई पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ता दोपहर एक बजे एकत्र होकर बिजलीघर पहुंच गए और चांदपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर एसडीएम व सीओ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझा कर शांत किया। मौके पर आए जेई ने अपने व्यवहार पर खेद व्यक्त करने के बाद कार्यकर्ताओं ने जाम खोल दिया। इस मौके पर विपिन भारद्वाज, कुशल चौधरी, कपिल कुमार, अशोक कुमार, कुलवीर सिंह, सुनील कुमार, गौरव, अखिलेश भाटी आदि मौजूद थे।