मुरादाबाद। बजरंग दल कार्यकर्ता के साथ मारपीट करने वाले पर तीन दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो कार्यकर्ता और पदाधिकारी भड़क गए। उन्होंने मझोला थाने का घेराव किया और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। यहां उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ भी पढ़ा। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मझोला के नया गांव निवासी लक्की त्यागी बजरंग दल के कार्यकर्ता हैं। उसने बताया कि उसकी बहन का पाकबड़ा स्थित अस्पताल में उपचार चल रहा है। 13 जून को वह अस्पताल से लौट रहा था। वह मझोलाक्षेत्र में ही खोखे पर बैठ गया। इसी दौरान वहां मंगूपुरा निवासी जावेद आ गया और गाली गलौज करने लगा। लकी ने इसका विरोध कियातो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इसके अलावा आरोपी ने हिंदू संगठनों के बारे में अपशब्द कहे। लकी ने मझोलाथाने में तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। इसकी जानकारी मिलते ही मंगलवार को बजरंग दल के पदाधिकारी पीड़ित को साथ लेकर थाने पहुंच गए। विभाग सह-मंत्री वरुण शर्मा, महानगर सह-संयोजक अक्षत मल्होत्रा, अश्वनी सूद, रोहित मदान, कुणाल क्षत्रिय, प्रमोद सेन, आदित्य भटनागर समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
उन्होंने जमकर हंगामा किया और थाने में धरने पर बैठ गए। हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त करा दिया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।