मुरादाबाद। जुमे की नमाज के बाद युवकों को उकसाकर नारेबाजी और प्रदर्शन करवाकर शहर का माहौल खराब करने वाले आरोपियों की तस्वीरें पुलिस ने जुटा ली हैं। अब पुलिस इनकी तलाश में जुट गई है। डीआईजी ने भी शुक्रवार शाम मुगलपुरा क्षेत्र में अधीनस्थ अफसरों के साथ भ्रमण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा जिन लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। उनके खिलाफ गैंगस्टर में भी कार्रवाई की जाएगी और इनाम घोषित किया जाएगा।
मुगलपुरा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर नमाज के बाद कुछ युवकों ने जामा मस्जिद चौराहे से ईदगाह चौराहे तक प्रदर्शन और नारेबाजी की थी। इस दौरान पुलिस अफसरों ने ड्रोन कैमरे से सभी की निगरानी कराई। दोपहर बाद हंगामा और प्रदर्शन खत्म हुआ तो पुलिस ने ड्रोन कैमरे से ली गई तस्वीरें और वीडियो को खंगाला। डीआईजी शलभ माथुर ने बताया कि युवकों को उकसाने वालों की तस्वीरें भी पुलिस ने जुटा ली हैं। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। शहर का माहौल बिगाड़ने वालों पर गैंगस्टर में भी कार्रवाई की जाएगी। इन पर इनाम भी घोषित किया जाएगा। मुुगलपुरा क्षेत्र समेत शहर के अन्य इलाकों में भी पुलिस बल तैनात किया गया है।