डेढ़ महीने की बच्ची के होठों से लगी दूध की बोतल पर एक बंदर ने झपट्टा मार दिया। काफी ऊंचाई से बंदर चारपाई पर सो रही बच्ची के ऊपर कूदा। जिससे बच्ची की मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के जुनावई कस्बे में शुक्रवार की शाम को सुनीता देवी डेढ़ महीने की बेटी गुड़िया को घर के आंगन में सुला रहीं थीं। उन्हें घर का काम भी करना था, लेकिन बेटी उसे छोड़ नहीं रही थी। इसलिए उसने अपनी बेटी को आंगन में चारपाई डालकर सुला दिया।
उसके मुंह से दूध की बोतल लगा दी। खुद पानी भरने के लिए हैंडपंप पर चली गईं। बताते हैं कि कहीं दू्र बैठा एक बंदर दूध की बोतल पर निगाह रखे हुए था। जैसे ही वह बच्ची के पास से हटीं तो वैसे ही बंदर ने दूध की बोतल पर झपट्टा मार दिया।
बंद मकान की छत से ऊंचाई से मासूम के ऊपर कूदा। बच्ची की चीख सुनकर वह बेटी को बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। वह तत्काल उसे डाक्टर के पास लेकर पहुंचीं। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।