लालपुर में कोसी नदी पर पुल का निर्माण पूरा कराने की मांग को लेकर पूर्व मंत्री आजम खां ने गुरुवार को अनोखा धरना दिया। वह पुल के पिलर पर सीढ़ी लगाकर चढ़ गए और वहीं से लोगों को संबोधित किया। उनके पुत्र और विधायक अब्दुल्ला आजम पिलर के ऊपर चढ़ गए थे। आजम खां ने कहा कि भाजपा की सरकार पुल का निर्माण नहीं कराएगी, क्योंकि इनकी यह फितरत है कि ये जो कहते हैं उसे पूरा नहीं करते हैं। आजम खां ने एलान किया कि तीन नवंबर को सपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से लालपुर तक साइकिल रैली निकालेंगे। कार्यकर्ता अपने साथ मिट्टी के कुल्हड़ लेकर जाएंगे और लालपुर में कोसी नदी से रेत निकालकर गांधी समाधि तक आएंगे। कोसी नदी की रेत से भरे ये कुल्हड़ गांधी समाधि के चारो ओर सजा दिए जाएंगे। आजम ने कहा कि तीन नवंबर को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी रामपुर आ रहे हैं। हम चाहते हैं कि उप मुख्यमंत्री लालपुर के कोसी नदी का रेत अपनी समाधि बनाने के लिए ले जाएं।