लखनऊ रवाना होने से पहले उन्होंने पार्टी नेताओं और समर्थकों से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया ने उनसे लखनऊ जाने और पार्टी के सियासी फैसलों को लेकर कई सवाल किए। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा गठबंधन को लेकर दिए गए उनके बयान की रही। आजम खां ने कहा, यह बड़ों का फैसला है, बड़ों पर ही छोड़ देना चाहिए।
बड़े ही आपस में तय कर लेंगे। सियासी जानकारों के मुताबिक, आजम खां का यह बयान अखिलेश यादव के नेतृत्व पर भरोसा जताने के साथ-साथ खुद को किसी भी विवाद से दूर रखने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय बाद लखनऊ में आजम खां की मौजूदगी को पार्टी के मुस्लिम वोट बैंक को साधने के संदेश से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
वहीं, टिकट बंटवारे और गठबंधन की दिशा तय करने में उनकी भूमिका पर भी निगाहें रहेंगी। घोषणा पत्र जारी होने के कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी और पार्टी के आगामी सियासी घटनाक्रम को लेकर अब लखनऊ पर निगाहें रहेंगी।
टिकटों पर आजम-अखिलेश में हो सकता है मंथन, दावेदारों की बढ़ी धड़कनें
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सपा में टिकटों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जेल से रिहाई के बाद बृहस्पतिवार को लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और आजम खां के बीच प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन होने की संभावना है। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मुरादाबाद मंडल की सीटों पर आजम खां की राय अहम हो सकती है।
इन क्षेत्रों में आजम खां की राजनीतिक पकड़ और स्थानीय नेताओं के बीच उनके प्रभाव को देखते हुए टिकट चयन में उनकी राय महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि, अखिलेश यादव के साथ टिकटों को लेकर किसी औपचारिक बैठक की पुष्टि नहीं हुई है।