लक्सर, नजीबाबाद, नगीना, धामपुर, स्योहारा होते हुए ट्रेन शाम करीब सात बजे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची। यहां से भी विश्व हिंदू परिषद के 50 सदस्य ट्रेन में सवार हुए। रेलवे के आंकड़े के मुताबिक करीब 1500 यात्री ट्रेन में सवार थे। वहीं विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री अविनाश गुप्ता ने बताया कि उत्तराखंड प्रांत के विहिप सदस्यों को रामलला के दर्शन के लिए 30 व 31 तारीख मिली है। देहरादून, ऋषिकेश व हरिद्वार के सदस्य ट्रेन में सवार थे। ट्रेन मुरादाबाद रुकी तो रामनगर, नैनीताल आदि क्षेत्रों के विहिप कार्यकर्ता यहां से ट्रेन में चढ़ गए। इस तरह कुल 1500 लोग अयोध्या रवाना हुए। ट्रेन मुरादाबाद स्टेशन पर करीब आधा घंटा खड़ी रही। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राम के भजनों पर जमकर नृत्य किया। इस दौरान स्टेशन पर रेलवे के अधिकारी, स्टाफ, आरपीएफ व जीआरपी के जवान मौजूद रहे।