दूसरी यूपी स्टेट मास्टर्स रैंकिग टेबिल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन नोएडा में हुआ। 27 व 28 जनवरी को नोएडा स्टेडियम के स्पोर्ट्स फैसिलिटी टेबिल टेनिस हॉल में मैच खेले गए। मुरादाबाद रेलवे के खिलाड़ी अनिल सेन ने अपने वर्ग में फिर शीर्ष रैंकिंग हासिल की। वह 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में चैंपियन बने।
अनिल ने क्वार्टर फाइनल में गाजियाबाद के विभोर खरे को 11-6, 11-5, 12-10 से मात दी। सेमीफाइनल में बरेली के रोहित सक्सेना को 11-7, 11-8, 11-9 के स्कोर से हराया और फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में नोएडा के भरत शर्मा को 11-5, 11-6, 11-7 के स्कोर से हराकर टाइटल पर कब्जा किया। अनिल के अलावा मुरादाबाद के उपेंद्र अग्रवाल ने 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में तीसरा स्थान व डॉ. पल्लवी अग्रवाल ने 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीनों खिलाड़ियों के मुरादाबाद लौटने पर शहर के खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है।