मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में स्कूटी में टक्कर मारने के विरोध में ऑटो चालक ने प्रॉपर्टी डीलर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया जिसमें प्रॉपर्टी डीलर घायल हो गए। उन्होंने आरोपी चालक समेत 11 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है।मझोला थानाक्षेत्र के मंगूपुरा निवासी एवं प्रॉपर्टी डीलर राहुल सैनी ने दर्ज कराए केस में बताया कि शुक्रवार की शाम करीब 7:30 बजे वह स्कूटी से घर लौट रहे थे। दिल्ली रोड पर गुलाब रिसोर्ट के पास ऑटो ने स्कूटी में टक्कर मार दी। राहुल का कहना है कि उन्होंने टक्कर मारने का विरोध किया तो मझोला के मनोहरपुर निवासी ऑटो चालक शाने आलम उसके साथ अभद्रता की और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इतना नहीं आरोपी ने कॉल कर अपने परिवार और गांव के लोग बुला लिए। उन्होंने राहुल के चाचा जगत सिंह और बड़े भाई उमेश पर भी हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। मझोला थाने में पीड़ित राहुल की तहरीर पर ऑटो चालक शाने आलम, गुलफान, जिशान, आलम, नाजिम, रुस्तम, आस मोहम्मद, फरियाद, अकरम, दानिश समेत 11 नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, बलवा, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।