कांठ। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे स्कूटी सवारों को तेज रफ्तार ऑटो टक्कर मारकर भाग गया। हादसे में स्कूटी सवार किशोरी सहित दो श्रद्धालु गंभीर घायल हो गए, दोनों को इलाज के लिए सीएचसी लगा गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मुरादाबाद के थाना मझौला अंतर्गत आने वाले सूर्य नगर निवासी भास्कर (20) पुत्र प्रमोद उत्तराखंड की देवनगरी हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। पीछे उनके साथ थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मिलक निवासी अपेक्षा (14) पुत्री विनीत कुमार बैठी थी। जब यह दोनों कांठ नगर में श्री गुरु जम्भेश्वर आश्रम भूड़ टीबा मंदिर के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तो अचानक आया तेज रफ्तार ऑटो इनकी स्कूटी में टक्कर मारकर भाग गया। जिस पर पीछे से दूसरी स्कूटी से आ रहे अपेक्षा के पिता विनीत कुमार व अन्य भी रुक गए। सूचना मिलते ही एसएचओ कांठ सुदेश पाल सिंह भी पहुंच गए और घायलों को सरकारी वाहन से ही इलाज के लिए सीएचसी लाए। जहां से अपेक्षा और भास्कर को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त हुई स्कूटी को कब्जे में ले लिया है। एसएचओ सुदेश पाल सिंह ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले ऑटो की तलाश की जा रही है।