कांठ। तेज रफ्तार ऑटो ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती और दो बच्चे घायल हो गए। तीन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। चालक ऑटो लेकर हादसा स्थल से फरार हो गया।
छजलैट के गांव कुडामीरपुर निवासी साजिद अली शनिवार की सुबह निकटवर्ती जनपद बिजनौर के स्योहारा थाना अंतर्गत गांव मेवाजट ससुराल से अपनी पत्नी गुलफ्सा और बेटे उजासिफ (4) और अब्दुल मुरतलिब (5) को साथ लेकर बाइक द्वारा घर लौट रहा था। जब यह कांठ क्षेत्र में खलीलपुर कद्दीम नहर पर पुलिया से कुछ आगे पहुंचे तो तेज रफ्तार से आ रहे ऑटो ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद चालक ऑटो को लेकर भाग गया। हांलाकि कुछ लोगों ने पीछा भी किया, लेकिन वह ऑटो को पकड़ नहीं पाए। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने घायलों को संभाला। सूचना पर पुलिस भी आ गई। घायलों को सीएचसी कांठ ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद साजिद अली, अब्दुल मुरतलिब व उजासिफ को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटाई।