मुरादाबाद। सिविल लाइंस के विशनपुर भीमाठेर में शनिवार की सुबह मायके में रह रही बहू को बुलाने गई सास की गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई। उसे मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में बहू समेत चार लोगों पर केस दर्ज किया है।
कांठ थानाक्षेत्र के उमरी कला निवासी नाजरा ने सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज कराया है। जिसमें उसने बताया कि बहू हुमा ने कांठ थाने में दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था। महिला ने बताया कि कांठ थाने में तैनात दरोगा के कहने पर वह 28 जून की सुबह करीब 11 बजे अपनी बहू को बुलाने विशनपुर भीमाठेर गई थी। नाजरा का कहना है कि बहू हुमा ने उसे देखते ही अभद्रता शुरू कर दी और जुबैर को बुला लिया। जुबैर ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गई। इसी दौरान हुमा की बहन शकीना ने गला दबाकर उनकी हत्या की कोशिश की। शोरशराबा होने पर आस पड़ोस के लोग जुट गए और उन्होंने किसी तरह महिला को बचाया। जानकारी मिलने पर परिजन पहुंच गए और नाजरा को अस्पताल ले गए। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि हुमा, उसकी बहन शकीना, जुबैर, बहनोई अहसान के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।