मुरादाबाद। अगवानपुर क्षेत्र के गांव महलकपुर निजामपुर में शुक्रवार दोपहर गांव के दो युवकों ने आठवीं के छात्र को खाली पड़े घेर में बंधक बना लिया। युवकों ने रस्सी से हाथ पैर बांधकर छात्र को करंट देने की कोशिश की। परिजनों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
अगवानपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव महलकपुर निजामपुर निवासी मोहम्मद नियाज कक्षा आठ का छात्र है। वह शुक्रवार की दोपहर स्कूल से आकर घर में खाना खा रहा था। छोटी बहन अफिया घर के बाहर थी। बाद में वह मां शाजिया के कहने पर बहन को बुलाने के लिए घर से बाहर चला गया। तभी रास्ते से गांव के दो युवक उसका मुंह दबाकर और हाथ पकड़कर एक घेर में ले गए। आरोप है कि उन्होंने छात्र के हाथ-पैर बांध दिया। एक युवक जबरन छात्र को गंदा पानी पिलाने लगा। छात्र ने झटका दिया तो बाल्टी उलट गई। इससे नाराज युवक छात्र का गला दबाने लगा। दूसरा युवक बिजली का तार उठाकर ले आया करंट लगाने की कोशिश करने लगा। इस बीच छात्र की मांग मौके पर पहुंच गई। महिला के शोर मचाने पर दोनों युवक भाग गए।
महिला अपने बेटे को लेकर आरोपों युवकों के घर गई तो वहां युवकों ने उससे गाली गलौज करके भगा दिया। गाजियाबाद में मजदूरी करने वाले छात्र के पिता ने डायल 112 पर कॉल करके घटना की जानकारी पुलिस को दी। पीआरवी घटना स्थल पर पहुंची। बाद में परिजन छात्र को लेकर अगवानपुर पुलिस चौकी में पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक बच्चे और उसके परिजनों ने घटना की सूचना दे दी है। घटना की सत्यता जानने के लिए जांच की जा रहीं हैं।