मुरादाबाद। चक्कर की मिलक में रविवार की सुबह छह बजे गोकशी के आरोपियों को पकड़ने के लिए पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला बोल दिया। आरोपियों ने परिवार की महिलाओं के साथ मिलकर पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बनाने का प्रयास किया। इससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची भारी फोर्स ने भीड़ में घिरी टीम को किसी तरह बाहर निकाला। साथ ही गोकशी के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि तीन मौके से भाग निकले। पुलिस ने टीम पर हमले के मामले में भी आरोपियों के खिलाफ अलग से एक रिपोर्ट दर्ज की है।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस नवल मारवाह के मुताबिक चक्कर की मिलक में पिछले माह गोकशी की घटना हुई थी। इसके कुछ अभियुक्त फरार चल रहे थे। अभियुक्तों द्वारा रविवार की सुबह फिर से गोकशी की घटना किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने चक्कर की मिलक में छापा मारा था। पुलिस के मुताबिक बड़ी मस्जिद के पीछे आरोपियों के घरों पर टीम ने जैसे ही छापा मारा तो वे हमलावर हो गए। परिवार की महिलाओं के साथ मिलकर उन्होंने पुलिस टीम को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं ने टीम को घरों में खींचकर बंधक बनाने की कोशिश भी की। पुलिस टीम पर हमले की खबर मिलते ही थाने से अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंचा और लाठियां फटकार कर पुलिस टीम को आजाद कराया। लाठियां फटकारने से मौके पर भगदड़ मच गई। इंस्पेक्टर के अनुसार अभियुक्त रिहान अहमद, अनीस उर्फ गुड्डू, मो. इमरान पुत्र लियाकत, मो. इमरान पुत्र फाजिल और वकील पुत्र जमील को गिरफ्तार कर लिया। पांचों आरोपी चक्कर की मिलक बड़ी मस्जिद के पास के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक तीन अभियुक्त मोबीन पुत्र शौकीन, असलम पुत्र बदलू, और आसिफ पुत्र मो. शमीम मौके से भाग निकले। इनकी तलाश की जा रही है।