बिलारी। क्षेत्र के बहोरनपुर नरोली गांव में रविवार दोपहर बाद तेरहवीं संस्कार की दावत के दौरान दावत न देने की रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष से निजी स्कूल के प्रधानाचार्य को धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। उधर दूसरे पक्ष के वृद्ध दुकानदार को चोटें आईं। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल कराया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने को पुलिस को तहरीर दी है।
बहोरनपुर नरोली गांव निवासी श्रवण कुमार गांव में ही संचालित स्कूल बुद्ध आंबेडकर शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य हैं। श्रवण कुमार के अनुसार रविवार दोपहर उनके पिता होरीलाल की तेरहवीं संस्कार का गांव में ही कार्यक्रम था। श्रवण कुमार का आरोप है कि तेरहवीं संस्कार में दावत न किए जाने की रंजिश में गांव के ही सवर्ण जाति के छह लोगों ने लाठी डंडे और धारदार हथियार लेकर कार्यक्रम में पहुंचकर उन पर हमला कर दिया। यह भी आरोप है कि उनसे जातिसूचक शब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी और मोबाइल छीनकर तोड़ डाला।
उधर दूसरे पक्ष से चोटिल दिनेशपाल सिंह का कहना है कि गांव के अड्डे पर शराब दुकान के निकट उनकी कैंटीन है। कैंटीन से खरीदे गए सामान के पैसे मांगने की रंजिश में विरोधी पक्ष के लोगों ने उन पर हमला बोलकर घायल कर दिया। पता चला है कि श्रवण कुमार पक्ष के लोगों की सूचना पर डायल 112 पुलिस जीप मौके पर पहुंची और विवाद की जांच की। दोनों पक्षों के घायलों श्रवण कुमार और दिनेशपाल सिंह का मेडिकल उपचार बिलारी पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर कराया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में मिली तहरीर की जांच की जा रही है।