चंदौसी की विधायक लक्ष्मी गौतम पर कांठ रोड स्थित अकबर के किले के पास देर रात स्विफ्ट कार सवार तीन लोगों ने हमला कर दिया। सामने से उनकी कार में टक्कर मार दी। जिससे विधायक और उनका चालक जख्मी हो गया। विधायक का आरोेप है कि स्विफ्ट में से तीन लोगों ने उतरकर उनके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
सूचना पर एसपी सिटी राम सुरेश यादव, एएसपी सुजाता सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। विधायक इस हमले को अपने पुराने पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रही हैं। शनिवार की देर रात 12:30 बजे टीडीआई सिटी निवासी लक्ष्मी गौतम अपनी कार से सांई मंदिर दीन दयाल नगर जा रही थीं। कार उनका ड्राइवर महेंद्र लाला चला रहा था।
विधायक ने बताया कि अकबर के किले के पास अचानक सामने से एक स्विफ्ट कार आई और उनकी कार में टक्कर मार दी। वह संभल पातीं इससे पहले ही स्विफ्ट से तीन लोगों ने उतरकर उनके साथ मारपीट की और फरार हो गए। विधायक लक्ष्मी गौतम और उनका चालक जख्मी हो गए हैं।
सूचना पाकर मय फोर्स के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आरोपियों को पकड़ने के लिए काफी कोशिश की लेकिन कोई नहीं मिला। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुरक्षा के साथ घर पहुंचा दिया गया। विधायक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विधायक इस घटना को जानलेवा हमला बताते हुए अपने पुराने पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रही हैं। बता दें कि पति दिलीप वार्ष्णेय और उनके बीच काफी विवाद रहा है जो सुर्खियों में छाया रहा।