पाकबड़ा। टीएमयू कैंपस में सोमवार शाम एमसीए के एक छात्र पर कुछ छात्रों ने हमला कर दिया। इस हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे टीएमयू अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है। पाकबड़ा थाने में घायल छात्र के पिता की तहरीर पर छह नामजद छात्र और कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बिजनौर जनपद के बसेड़ा मुकरपुरी निवासी हिमांशु टीएमयू में एमसीए की पढ़ाई कर रहा है। उसके पिता अनिल कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार की दोपहर हिमांशु क्लास से बाहर आया था। उसके साथ उसकी एक सहपाठी भी थी। दोनों लिफ्ट से नीचे आ रहे थे। बताया जा रहा है कि लिफ्ट में वैैभव ठाकुर भी मौजूद था। लिफ्ट के अंदर हिमांशु और वैभव के बैग आपस में टकरा गए थे। इसी बात को लेकर विवाद दोनों में विवाद हो गया था। वहां मौजूद गार्ड ने बीच बचाव करा दिया था। सोमवार की दोपहर साढ़े तीन बजे के आस पास हिमांशु टीएमयू से बाहर निकल रहा था, इसी दौरान कैंपस में ही वैभव फिर से हिमांशु के सामने आ गया और दोनों के बीच कहा सुनी हो गई है। वैभव के साथ निशांत, तुषात विश्नोई, प्रशांत, रवि और अन्य छात्र भी मौजूद थे। उन्होंने हिमांशु पर हमला बोल दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आईं। इसी बीच आरोपी मौके से भाग निकले। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि घायल छात्र का उपचार चल रहा है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
टीएमयू के सुरक्षा निदेशक आरपी गुप्ता ने बताया कि मामूली बात पर छात्रों के एक गुट ने एक छात्र पर हमला कर घायल कर दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।