मूंढापांडे(मुरादाबाद)। कार में लिफ्ट देने के बहाने बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी से चाकू दिखाकर डेबिट कार्ड छीन लिया। इसके बाद पासवर्ड पूछकर उसके खाते से एक लाख तीस हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
राजस्थान के भीड़भाड़ा निवासी लतित कुमार दबानी कपड़ा व्यापारी हैं। वह व्यापार के सिलसिले में रामपुर जा रहे थे। रविवार दोपहर करीब एक बजे कटघर में पीतल नगरी बस अड्डे में रामपुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान खुद को फौजी बताने वाला एक युवक ललित के पास आया और उसने बताया कि वह भी रामपुर जा रहा है। इस दौरान एक कार रुकी। जिसके चालक ने दोनों को रामपुर के लिए बैठा लिया। आरोप है कि कार मूंढापांडे थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर कट्टई पहुंची। तब चालक और ललित के साथ कार में बैठने वाले युवक ने उसे चाकू दिखाकर डरा धमका कर डेबिट कार्ड छीन लिया। पासवर्ड पूछकर उसे कार से उतार दिया। उसके कुछ देर बाद ही उसके फोन एक मैसेज 40 हजार तथा दूसरा मैसेज 90 हजार रुपये निकलने के आए। एसओ अमित सिंह तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।