संदिग्ध आतंकियों के रिमांड पर लेने के चार दिन बाद एटीएस ने अमरोहा में अपना डेरा डाल दिया। शाम को अचानक एटीएस की एसपी कार्यालय पहुंची। यहां एनआईए के पहुंचे के बाद रात में एटीएस की टीम कार्रवाई कर सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि रिमांड पर संदिग्ध आतंकी सुहैल से कुछ अहम जानकारी मिली है।
बुधवार तड़के एनआईए और एटीएस की संयुक्त टीम ने जिले में चार स्थानों पर छापा मारा था। टीम ने शहर के मोहल्लर मुल्लाना से मुफ्ती सुहैल, पचदरा से ई-रिक्शा चालक इरशाद, सैदपुर इम्मा से वेल्डर भाई सईद और रईस को गिरफ्तार किया था।
इनके पास से तमंचे, कारतूस और विस्फोटक पदार्थ बरामद किया गया था। एनआईए ने दूसरे दिन सभी संदिग्ध आतंकियों को रिमांड पर ले लिया। तब से संदिग्ध आतंकियों से एनआईए और एटीएस पूछताछ कर रही है।
रिमांड के चार दिन बाद सोमवार शाम एटीएस की टीम ने अमरोहा में डेरा डाल दिया। सूत्रों की माने तो देर शाम तक एनआईए की टीम भी पहुंचने वाली है। इसके बाद रात या तड़के संयुक्त कार्रवाई हो सकती है। पूछताछ में अमरोहा से जुड़े कुछ सुराग मिले हैं।