मुरादाबाद। नोएडा में फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज चलाने के आरोप में पकड़े गए ओवेस आलम के घर से बरामद उपकरणों की जांच के लिए मंगलवार को एटीएस की टीम मुरादाबाद पहुंच गई। टीम ने थाने में रखे उपकरणों को देखा। इसके अलावा ओवेस के घर में भी जांच पड़ताल की गई। पुलिस के अलावा एटीएस अब इस मामले की जांच में जुट गई कि मुरादाबाद से की गई कॉलें कहीं आतंकी गतिविधियों से तो नहीं जुड़ी हैं।
मझोला के टीपीनगर निवासी ओवेस आलम को नोएडा पुलिस ने नोएडा में गिरफ्तार किया था। वहां पूछताछ के बाद ही पता चला था कि ओवेस आलम ने अपने घर में सैटअप लगा रखा था। जिसके जरिये इंटरनेशनल कॉलों को निजी सर्वर में लैंड कराकर बातचीत कराई जाती थी। मामला विदेश से आने वाले फोनों से जुड़ा हुआ है। इसलिए हर बिंदू पर बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस व खुफिया तंत्र की जांच चल रही है। मंगलवार को एटीएस लखनऊ ने भी टीम मुरादाबाद पहुंच गई है। टीम ने बरामद उपकरणों की जांच की। किन-किन नंबरों पर बातचीत हुई थी। इसका पूरा डाटा चेक जा रहा है। एटीएस ये भी जांच करने आई है कि कहीं आतंकी गतिविधियों में तो कोई कॉल नहीं की है। सहायक पुलिस अधीक्षक अनिल यादव ने बताया कि एटीएस टीम ने उपकरण की जांच की है। टीम अपने स्तर से जांच पड़ताल में लगी है।