मुरादाबाद। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट 2026 का परीक्षा परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित कर दिया गया। इंटर में मुरादाबाद जिले के अभिषेक ने प्रदेश में सातवां स्थान और हाईस्कूल में शिखा दक्ष ने छठा स्थान पाया है। इसके साथ 10वीं में कनक सिंह और मोहम्मद जैद ने प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया है।
मुरादाबाद जिले के चार मेधावियों ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा में प्रदेश स्तर जिले का नाम रोशन किया है। इंटर में अभिषेक ने प्रदेश में सातवां और जिले में पहला स्थान हासिल किया है। वह कांठ क्षेत्र के कैसर जहां कयामुद्दीन इंटर कॉलेज के छात्र हैं। उन्होंने इंटर में 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। हाईस्कूल में बिलारी के डॉ. देवेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्रा शिखा दक्ष ने प्रदेश में छठा और जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है।
उन्होंने हाईस्कूल में 96.83 प्रतिशत अंक हासिल किया है। इसके अलावा हाईस्कूल में एमडीआईसी पट्टी मौदहा कांठ की छात्रा कनक सिंह और पब्लिक इंटर कॉलेज पट्टी मौदहा के मोहम्मद जैद ने प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया है। कनक और जैद को 96.17 प्रतिशत अंक मिले। बृहस्पतिवार को परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद जिले के विभिन्न स्कूलों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
विद्यार्थियों के स्कूल पहुंचने पर शिक्षकों ने बधाई दी। इसके साथ स्कूलों में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न भी मनाया गया। इन विद्यार्थियों के घर पर देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा।