मुरादाबाद। किस देश को लंबे सफेद बादलों की भूमि के नाम से जाना जाता है? काला अक्षर भैंस बराबर का अर्थ क्या है? प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री किस परिषद का हिस्सा हैं जैसे सवाल दरोगा भर्ती परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों से पूछे गए। शनिवार को 61.24 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश दरोगा (एसआई) भर्ती की परीक्षा दी।
शनिवार को जिले के 28 केंद्रों पर हुई दरोगा भर्ती परीक्षा में 13,816 अभ्यर्थी शामिल हुए। दोपहर 12 बजे परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों में कई के चेहरे खिले थे तो कई के उतरे दिखे। नोडल अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी सुबह सात बजे से पहुंचना शुरू कर दिए थे। अभ्यर्थियों ने बताया कि रिजनिंग और गणित के सवालों को हल करने में काफी समय लग रहा था। कुछ अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने सामान्य ज्ञान के कई प्रश्न कठिन होने की वजह छोड़ दिया। अभ्यर्थियों ने बताया कि हिंदी के सवालों ने उन्हें काफी राहत पहुंचाई।
00
यह सवाल भी पूछे गए
- भारत में अक्तूबर 2025 में विदेशी मुद्रा निपटान प्रणाली किसने शुरू की?
- 2013 में ज्ञानपीठ पुरस्कार किसे प्राप्त हुआ?
-संविधान का कौन सा अनुच्छेद उच्च न्यायालयों को अधीनस्थ-अदालतों पर अधिकार प्रदान करता है?
-लोकसभा का कार्यकाल आमतौर पर कितने वर्ष का होता है?
-उत्तर प्रदेश में सर्वोच्च पदस्थ पुलिस अधिकारी कौन है?
-भारतीय कानून के तहत एक व्यक्ति कब से किशोर नहीं माना जाता है?
-यदि कार्यालय रिक्त हो जाता है तो नए राष्ट्रपति का चुनाव कितनी जल्दी होना चाहिए?
-नामधारी आंदोलन किस सिख परंपरा की स्थापना के बाद शुरू हुआ?
00
छात्रों ने कहा
-गणित और सामान्य अध्ययन के सवालों ने काफी उलझाया। कई सवाल के जवाब ठीक से नहीं दे सके। सामान्य हिंदी के प्रश्न तैयारी के हिसाब से ठीक आए थे। अतुल कुमार
-दरोगा की परीक्षा की तैयारी तीन साल से कर रहे हैं। पेपर अच्छा हुआ है। करीब 90 सवालों के जवाब दिए हैं। सामान्य ज्ञान के कुछ सवालों ने उलझा रखा था।-करण
-तैयारी के हिसाब से परीक्षा ठीक हुई है। प्रश्नपत्र में रिजनिंग और गणित के सवालों को हल करने में काफी समय लग रहा था। कुछ सवाल छूट गए हैं।- अखिलेश कुमार
-गणित के सवालों को हल करने में काफी समय लग रहा था। बाकी के प्रश्न आसानी से हल हो गए। चार साल से केवल दरोगा की तैयारी कर रही हूं।- खुशी शर्मा