मुरादाबाद। तीन दिवसीय आर्यवीर महासम्मेलन में शनिवार को सियासी अनुलोम विलोम देखने को मिला। महासम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और योग गुरु बाबा रामदेव की संबोधन शैली बदली-बदली नजर आई। अपने शब्दों से विपक्षियों पर तीखा प्रहार करने वाले योगी का संबोधन संतुलित रहा। वहीं योग से निरोग का संदेश देने वाले बाबा रामदेव ने मुस्लिम तुष्टीकरण और ईसाईयत जैसे मुद्दों के जरिये विपक्ष पर निशाना साधा।
आर्यवीर दल उत्तर प्रदेश का तीन दिवसीय महासम्मेलन बुद्धि विहार सेक्टर दो के मैदान पर चल रहा है। महासम्मेलन की शुरुआत शुक्रवार को हुई। इसका समापन रविवार को होगा। दूसरे दिन शनिवार को महासम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और योग गुरु बाबा रामदेव कार्यक्रम में पहुंचे। सीएम योगी के मंच पर पहुंचने से पहले बाब रामदेव ने अपने विचार लोगों के सामने रखे। उनके संबोधन में उतार चढ़ाव देखने को मिला। कभी आर्य समाज की उपलब्धियों का बखान तो कभी मुस्लिम तुष्टीकरण पर वार किया। इस्लाम और ईसाई के फैलाव जैसे मुद्दों को पुरजोर ढंग से उठाया। इसके जरिए बिना नाम लिए सियासी दलों पर हमला बोला। यहीं नहीं शराब, ड्रग्स को भी धर्म से जोड़कर तीखा प्रहार किया।
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने चिरपरिचित अंदाज से उलट दिखे। महासम्मेलन में सीएम नपातुला बोले। सीएम का संबोधन आर्य समाज, आर्यवीर, महात्मा नारायण स्वामी, पीएम नरेंद्र मोदी की उपलब्धियां के इर्दगिर्द ही रहा। न तो किसी दल का नाम लिया और न ही विपक्ष पर हमला बोला। सीमित और नपी तुली बातें कहकर अपने संबोधन को समाप्त कर लिया।