मुरादाबाद। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के मोहल्ला चक्कर की मिलक में तीन दिन दहाड़े बदमाशों ने पीतल कारोबारी के घर में लूट की घटना को अंजाम दिया। घर में घुसते ही बदमाशों ने पीतल कारोबारी के चार वर्षीय बेटे की गर्दन पर छुरी धर दी जबकि उनकी पत्नी की कनपटी पर तमंचा रख दिया। बदमाश घर में रखे जेवरात तथा एक लाख 55 हजार रुपये नकद समेत लगभग चार लाख रुपये की लूट को अंजाम दे गए। जाते जाते महिला को बांध गए। वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं लगा था।
पीतल कारोबारी जुल्फिकार ने बताया कि उसका परिवार मोहल्ला चक्कर की मिलक में रहता है। परिवार में तीन बेटे व एक बेटी हैं। उसका कारखाना गली नंबर 13 में है। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे वह घर से कारखाने चला गया था। घर पर उसकी पत्नी हिना व चारों बच्चों थे। जुल्फिकार की पत्नी हिना ने बताया कि इसी बीच उसका बेटा हसन (8), अहसान (छह) घर से कुछ दूर स्थित एक घर में ट्यूशन पढ़ने चले गए। घर के मेन गेट पर परदा पड़ा था। बच्चों के ट्यूशन जाने के बाद दरवाजा बंद नहीं किया था। वह छोटी बेटी अनाबिश (डेढ़ वर्ष) को दूध पिला रही थी। तीसरे नंबर का बेटा साहिल (चार) घर में खेल रहा था।
इसी बीच करीब 12 बजे अचानक तमंचे व छुरी से लैस तीन बदमाश दनदनाते हुए घर में घुस आए। इससे पहले कि हिना कुछ समझ पाती, एक बदमाश ने साहिल की गर्दन पर छुरी रख दी। दूसरे बदमाश ने हिना की कनपटी पर तमंचा लगा कर धमकी दी कि यदि शोर मचाया तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। तीसरे बदमाश ने घर की अलमारी से 1.55 लाख रुपये व जेवर निकाल लिए। हिना के जेवर भी उतरवा लिए तथा मोबाइल छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश जाते समय उसके पति की कमीज से उसके दोनों हाथ पीछे बांध गए। जाते समय बाहर से दरवाजा बंद कर गए और मोबाइल भी यहीं फेंक गए। हिना तथा बच्चे सहमे रहे कि करीब दस मिनट उनके दोनों बेटे ट्यूशन से लौटे। वे कुंडी खोलकर भीतर आए। उसके बाद इन सभी ने बाहर निकलकर शोर मचाया और लूट की जानकारी मोहल्ले के लोगों, पति व 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को दी। हिना ने बताया कि बदमाशों में दो अपने चेहरे पर मफलर बांधे थे जबकि एक बदमाश का चेहरा खुला था।
सूचना पर एसएचओ सिविल लाइन दर्वेश कुमार व कैंप चौकी प्रभारी जय प्रकाश मौके पर पहुंच गए। जुल्फिकार की तहरीर पर पुलिस ने लूट का मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास बदमाशों का सुराग लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। घटना के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
00000
हिना के पति जुल्फिकार की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जुल्फिकार के घर के आसपास के लोगों से भी घटना के बावत पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
अमित कुमार आनंद, एसपी सिटी
00000
तंग गली, घनी आबादी फिर भी किसी ने नहीं देखा बदमाशों को
मुरादाबाद। जुल्फिकार का घर चक्कर की मिलक गली नंबर आठ में है। यह गली न सिर्फ पतली है बल्कि उसका घर घनी आबादी के बीच में है। हिना के मुताबिक बदमाशों ने करीब दस मिनट तक उसके घर में रह कर घटना को अंजाम दिया। लेकिन दिन दहाड़े तीन बदमाशों को हिना के घर में घुसते अथवा घटना को अंजाम देकर भागते समय मोहल्ले के लोगों में से किसी ने भी उन्हें नहीं देखा। पुलिस को भी पास पड़ोस के लोगों ने यही बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं हो सकी। न ही उन लोगों ने बदमाशों को हिना के घर के अंदर जाते व भागते देखा।