मुरादाबाद। डीएम मानवेंद्र सिंह ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अपने दायित्वों को अच्छे ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। बताया कि मुख्य नोडल अधिकारियों और सहायक नोडल अधिकारियों को मतदान कर्मियों की नियुक्ति कर उनको प्रशिक्षित करना जरूरी है।
डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में लोकसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में मुख्य नोडल अधिकारियों, सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मतदान कर्मियों की नियुक्ति कराकर उन्हें समय से प्रशिक्षण दिए जाने की व्यवस्था करनी होगी। ईवीएम मशीनों के रखरखाव एवं उनके प्रशिक्षण आदि कार्यों में विशेष सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है। जिन जोनल मजिस्ट्रेट या सेक्टर मजिस्ट्रेट का स्थानांतरण हो गया है, उनके स्थान पर अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाने जाने की कार्यवाही समय से पूर्ण करना है।
मतदेय स्थलों पर न्यूनतम सुविधा (एएमएफ) की व्यवस्थाएं समय से शत प्रतिशत सुनिश्चित करना होगा। इसके साथ ही लोकसभा सामान्य निर्वाचन के लिए हल्के वाहनों या भारी वाहनों की आवश्यकता होगी। इस मामले में उपलब्धता का आकलन कर रिपोर्ट देना होगी ताकि वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। डाक मतपत्रों की तैयारी का आकलन अभी से करना है। इस मामले में संबंधित अधिकारी को वीडियोग्राफी, वेब कास्टिंग कार्य के लिए कैमरे की व्यवस्था का आकलन संबंधित अधिकारी करें। उन्होंने जिला चुनाव मैनेजमेंट प्लान समय से तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ सुमित यादव, एडीएम प्रशासन गुलाब चन्द्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्यम मिश्र, एडीएम सिटी ज्योति सिंह, एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार, परियोजना निदेशक सतीश प्रसाद मिश्र, डीआईओ एनआईसी, सीटीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।