मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विवि के स्नातक व परास्नातक प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म की अंतिम तिथि शुक्रवार को खत्म हो गई। परीक्षा फॉर्म के लिए 87 हजार विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इसमें से 86 हजार छात्र-छात्राओं ने फीस जमा की है। विवि ने परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी है।
गुरु जंभेश्वर विवि में स्नातक व परास्नातक की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए 17 दिसंबर से आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई। 23 दिसंबर को आवेदन की अंतिम तारीख थी लेकिन इसे बढ़ाकर 26 दिसबर कर दिया गया था। शुक्रवार तक 87 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा फाॅर्म के लिए आवेदन किया। कुलपति सचिन माहेश्वरी ने बताया कि परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि खत्म हो गई है। परीक्षा कराने की तैयारी चल रही है। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा पांच जनवरी से शुरू होगी। जनवरी महीने के अंत में परीक्षा पूर्ण कराई जाएगी। विवि प्रश्नपत्र तैयार करवा रहा है।
00
10 प्रतिशत विद्यार्थी नहीं भर पाए परीक्षा फॉर्म
-केजीके कॉलेज के प्रो. अजय सिंह ने बताया कि स्नातक और परास्नातक के प्रथम सेमेस्टर में करीब दो हजार छात्र-छात्राओं का एडमिशन हुआ है। इसमें शुक्रवार शाम तक करीब 10 प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने परीक्षा फॉर्म के लिए आवेदन नहीं किया। इसके साथ हिंदू पीजी कॉलेज में स्नातक और परास्नातक के प्रथम सेमेस्टर में करीब 3800 विद्यार्थियों का एडमिशन हुआ है। शुक्रवार शाम तक 10 से 15 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाए हैं।
00
वर्जन
-परीक्षा फॉर्म के लिए आवेदन की तिथि नहीं बढ़ाई गई है। परीक्षा कराने की तैयारियां चल रही हैं। रिपोर्ट जनरेट होने के बाद ही एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।- प्रो. सचिन माहेश्वरी, कुलपति, गुरु जंभेश्वर विवि