बिलारी नगरपालिका में सभासदों और कोटेदारों की बैठक में बोलते एसडीएम-संवाद
बिलारी। एसडीएम विनय कुमार सिंह ने सोमवार दोपहर नगरपालिका कार्यालय सभागार में नगरपालिका परिषद के सभासदों और राशन कोटेदारों को बुलाकर बैठक की। इस दौरान सभी से एसआईआर अभियान शत प्रतिशत सफल बनाने के लिए सहयोग मांगा। एसडीएम ने कहा कि पालिका सभासद और राशन कोटेदार अधिकतर वोटरों को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं।
जो वोटर वर्तमान समय में घर पर न होकर किसी कार्य से बाहर गए हैं उनके बाहर रहने के स्थान और मोबाइल नंबर के बारे में सभासद और राशन कोटेदार दोनों को जानकारी है। एसडीएम ने पालिका सभासदों और राशन कोटेदारों से वर्तमान एसआईआर अभियान के दौरान गणना पत्रक बांटने और बांटे गए पत्रक भरवाकर जमा करवाने में बीएलओ का सहयोग करने को कहा।
एसडीएम ने इस दौरान यह भी बताया कि मंगलवार को सुबह दस बजे से दो बजे तक बिलारी नगर के सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे।
एसडीएम स्पष्ट किया कि जिन वोटरों के गणना पत्रक उन्हें अभी बीएलओ से नहीं मिल पाए हैं। वह सभी मंगलवार सुबह अपने संबंधित बूथों पर जाकर बीएलओ से मिले। संवाद