मुरादाबाद। एक सितंबर की रात रामगंगा विहार में सांड़ के हमले में जान गंवाने वाले युवा जींस कारोबारी अपार शुक्ला के परिवार की ओर से हाईकोर्ट में न्याय की गुहार लगाई गई है। हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर मुआवजा और नगर निगम के संबंधित आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला चलाने की मांग की गई है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के रामगंगा विहार टीडीआई सिटी कालोनी निवासी अक्षय शुक्ला ने अपने अधिवक्ता शाश्वत आनंद के जरिये हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। जिसमें उन्होंने बताया कि एक सितंबर 2020 की रात आवारा सांड़ ने उनके भाई पर हमला कर दिया था। सांड़ का सींग अपार के पेट में धंस गया था। जिससे अपार की आंतें बाहर आ गई थीं और उनकी मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद शहर स्मार्ट सिटी में शामिल है। बावजूद इसके शहर में आवारा पशु घूम रहे हैं। शहर की सड़कें खस्ताहाल हैं। नगर निगम की लापरवाही के कारण एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया। अपार के ऊपर ही घर की सारी जिम्मेदारियां थीं। अपनी याचिका में पीड़ित परिवार ने यूपी नगर निगम अधिनियम 1959 की विभिन्न धाराओं और सर्वोच्च एवं उच्च न्यायालयों के अनेक निर्णयों का हवाला देते हुए कहा कि सड़कों का उचित रखरखाव नगर निगम की कानूनी व संवैधानिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि सड़कों पर गड्ढों और छुट्टा पशुओं के कारण अगर कोई हादसा होता है या किसी की जान जाती है तो ऐसी स्थिति में पूरी जिम्मेदारी नगर निगम की होती है। उन्होंने मांग की है कि नगर निगम से मुआवजे के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों पर आपराधिक मामला भी चलाया जाए।
लॉक डाउन में घर आए थे अपार शुक्ला
मुरादाबाद। परिजनों ने बताया कि अपार शुक्ला ने नोएडा में जींस फैक्टरी खोली थी। कोराना संक्रमण की वजह से देश में लॉक डाउन लागू किया गया था। इसके बाद अपार शुक्ला अपने घर लौट आए थे। हादसे वाली रात अपार शुक्ला अपने दोस्त को छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। उन्होंने रामगंगा विहार में सड़क के गड्ढे से बाइक बचाई तो वह अंधेरे में खड़े सांड़ को नहीं देख पाए थे। इसी दौरान सांड़ ने उन पर हमला कर दिया था।