ठाकुरद्वारा। नगर पालिका के अध्यक्ष और बसपा नेता मो. इरफान सैफी के खिलाफ भवन निर्माण का नक्शा स्वीकृत करने के लिए पांच लाख रुपये मांगने और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। इससे पहले नगर के व्यापारी अवनीश सिंघल ने भी अध्यक्ष और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ 50 लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
अधिवक्ता नगर के वार्ड 25 निवासी मुमताज आलम सैफी ने ठाकुरद्वारा में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने 2023 में अपने भवन का नक्शा स्वीकृत करने के लिए नगर पालिका परिषद में आवेदन किया था। जिसकी फीस छह जून 2023 को 24050 रुपये उन्होंने जमा कर कार्यालय से उसकी रसीद प्राप्त कर ली थी। अधिवक्ता का आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध में अध्यक्ष इरफान सैफी से संपर्क किया तो उन्होंने आवेदन के साथ शपथ पत्र मांगा। मुमताज आलम सैफी सात जून 2023 को वह शपथ पत्र लेकर अध्यक्ष से मिले तो आरोप है कि उन्होंने नक्शा स्वीकृत करने के बदले उनसे पांच लाख रुपये की मांग की। बिना सुविधा शुल्क को दिए नक्शा स्वीकृत करने से मना कर दिया और बिना नक्शा स्वीकृत के भवन निर्माण करने पर उसे गिरा देने और उसे भूमि पर नगर पालिका का कब्जा करने की धमकी दी। मुमताज आलम का कहना है कि वह तब से लगातार चक्कर लगा रहे हैं और नक्शा स्वीकृत करने की मांग कर रहे हैं लेकिन उन्होंने बिना पांच लाख के उनका नक्शा स्वीकृत करने से मना कर दिया। पुलिस ने इस मामले में अध्यक्ष इरफान सैफी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने बताया की दोनों दर्ज रिपोर्ट की विवेचना की जा रही है विवेचना में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उसी के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। उधर नगर पालिका के अध्यक्ष मोहम्मद इरफान सैफी ने अपने ऊपर लगे मुमताज आलम सैफी के आरोप को गलत बताया है। उनका कहना है कि मुमताज आलम उनसे ग्राम समाज की भूमि पर निर्माण का नक्शा स्वीकृत कराना चाहते थे। उनके मना करने पर यह झूठा आरोप लगा रहे हैं।