बिलारी। नगर में स्टेशन रोड स्थित बिलारी देहात बिजलीघर की मशीनें फुंक जाने के चार दिन बाद भी विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है। विद्युत उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ता बिजली न मिलने से परेशान हैं। बुधवार दोपहर परेशान उपभोक्ता किसानों ने पहले तो बिजलीघर पहुंचकर प्रदर्शन किया, बाद में एसडीओ कार्यालय पहुंचकर नाराजगी जताई।
देहात बिजलीघर से निजी विद्युत नलकूपों संबंधी जो लाइन मुंडिया राजा, ग्वारखेड़ा, मिलक नगलिया, हरोरा, रोजा, धर्मपुर कलां आदि ग्रामों के किसानों के विद्युत नलकूपों तक जा रही है। उस विद्युत लाइन पर चार दिन से विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है। बुधवार दोपहर को ईस्ट फीडर की ट्रिपिंग क्वाइल जल जाने से बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी।
बुधवार दोपहर बाद प्रभावित ग्रामों के नलकूप स्वामी किसान पंकज चौधरी, राजेश कुमार, दानवीर सिंह, सनी सिंह, अंकित चौधरी, गब्बर सिंह, जोगराज सिंह, संजय सिंह, विवेक बालियान, रवि चौधरी, सुखवीर सिंह, नेमवीर सिंह आदि किसान बिलारी देहात बिजलीघर पहुंचे। एसएसओ आकाश कुमार से किसानों की इस बात को लेकर नोकझोंक शुरू हो गई कि जब उनके फीडर को चार दिन से बिजली नहीं मिली, तब रजिस्टर में इस फीडर पर दस घंटे विद्युत आपूर्ति देना क्यों दिखाया जा रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों को बिजलीघर पर अवर अभियंता नहीं मिले तब वह विद्युत उपखंड कार्यालय पहुंचे और एसडीओ विद्युत अवधेश कुमार से समस्या बताई। ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता और लाइन स्टाफ पर लापरवाही व अभद्रता का आरोप लगाते हुए ज्ञापन दिया। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसडीओ अवधेश कुमार ने जांच कराकर शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। एसडीओ ने बताया कि बिलारी देहात विद्युत उपकेंद्र की वीसीबी मशीनें जलने के अलावा बीते दिनों तेज आंधी आने से देहात के फीडर की लाइन के अनेक विद्युत पोल टूट कर गिर गए थे, जिन्हें ठीक कराया जा रहा है। एसडीओ के अनुसार जल्द सभी फीडरों पर विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
फोटो परिचय-06,07,08