कांठ। भाई के साथ घर के बाहर खेल रही डेढ़ साल की मासूम बच्ची अचानक घरेलू पानी के लिए बने गड्ढे में गिर गई। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई लेकिन बच्ची के परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से साफ इन्कार कर दिया।
गांव खेमपुर सैफुल्लापुर के रहने वाले सतपाल और उनकी पत्नी सुनीता दिव्यांग हैं। इनके घर के रोजमर्रा के पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। इसलिए उन्होंने घर के बाहर ही इस पानी के लिए गड्ढा बना रखा है। सोमवार शाम करीब पांच बजे सतपाल की डेढ़ साल की बेटी गरिमा अपने भाई कार्तिक (4) के साथ घर के बाहर खेल रही थी। तभी वह अचानक इस पानी से भरे गड्ढे में गिर गई। जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। जब बच्ची काफी देर तक दिखाई नहीं दी तो उसकी तलाश की गई। इस दौरान बच्ची पानी भरे गड्ढे में मृत अवस्था में पड़ी मिली। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और जानकारी जुटाई। कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने बताया कि बच्ची की गड्ढे में गिरकर डूबने से मौत हुई है। परिजनों ने किसी भी कार्रवाई या पोस्टमार्टम से मना कर दिया है।