मुरादाबाद। शहर के युवा खिलाड़ियों को जल्द ही बड़ी सौगात मिलने जा रही है। इन खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही शहर में इंडोर स्टेडियम का निर्माण होगा। इंडोर स्टेडियम का खाका भी खींच लिया गया है और नगर निगम की ओर से डीपीआर शासन को भेज दी गई है। मंजूरी मिलते ही निर्माण शुरू हो जाएगा।
इंडोर स्टेडियम के लिए लगभग तीन हजार वर्ग मीटर की जमीन भी चिह्नित कर ली गई है। चिह्नित जमीन गलशहीद थाना क्षेत्र के मानपुर नारायणपुर में है, जिसे हाल ही में नगर निगम ने कब्जामुक्त कराया था। यहां करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम बनाए जाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव पास होने के साथ ही निर्माण कार्य शुरू होने के छह महीने के भीतर इस इंडोर स्टेडियम को तैयार किए जाने की योजना है।
शहरी क्षेत्र में स्टेडियम की मांग लंबे समय से हो रही थी। नगर निगम ने खिलाड़ियों की इस समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए इंडोर स्टेडियम बनाने की योजना तैयार की। इस स्टेडियम को अत्याधुनिक स्पोट् र्स कॉम्प्लेक्स के तौर पर विकसित किया जाएगा, जहां लगभग एक दर्जन खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
-
मिलेंगे यह खेल सुविधाएं
इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों को विभिन्न प्रकार की खेल सुविधाएं मिलेंगी। योजना के मुताबिक इंडोर स्टेडियम में टेनिस, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, स्क्वैश के कोर्ट बनाए जाएंगे। इसके अलावा कुश्ती, हैंडबॉल, वाॅलीबॉल, बास्केटबॉल और कबड्डी समेत कई अन्य खेलों की सुविधाएं दी जाएंगी। खिलाड़ियों को फिट रखने के उद्देश्य से जिम का भी निर्माण किया जाएगा। मैच देखने के लिए यहां दर्शक दीर्घा भी बनाई जाएगी। इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ी लाउंज, प्रशासनिक कार्यालय भी बनाए जाएंगे। खिलाड़ियों व दर्शकों के लिए पार्किंग के भी इंतजाम होंगे। स्टेडियम में राष्ट्रीय स्तर तक की प्रतियोगिताएं भी आयोजित हो सकेंगी।
शहर में खिलाड़ियों के लिए एक आधुनिक इंडोर स्टेडियम का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। बजट को मंजूरी मिलते ही टेंडर निकाला जाएगा और स्टेडियम निर्माण का काम शुरू होगा। उम्मीद है कि जल्द ही इंडोर स्टेडियम का तोहफा खिलाड़ियों को मिल जाएगा। - दिव्यांशु पटेल, नगर आयुक्त
मेरठ-------बच्चा पार्क स्थित सेंट थॉमस चर्च में प्रार्थना सभा मे भाग लेते श्रद्वालु----नीटू- फोटो : वीडियो ग्रैब