सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सचिन कुमार और गौरव कुमार
- फोटो : संवाद
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रुखालू निवासी किसान सोमपाल सिंह के बेटे सचिन कुमार 29 की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। सचिन उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर जनपद रामपुर के थाना मिलक में तैनात थे। सचिन के बड़े भाई लेखपाल बॉबी गौतम ने बताया कि सोमवार को सचिन की ड्यूटी गणेश चतुर्थी पर्व के मद्देनजर लगी हुई थी।
ड्यूटी पूरी करने के बाद वह बाइक से थाना शहजाद नगर स्थित अपने कमरे पर वापस लौट रहे थे। रास्ते में अन्य वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सिपाही सचिन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सचिन की पत्नी भानु भी उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं और वर्तमान में रामपुर के ही थाना शहजाद नगर में ही तैनात हैं।
सचिन और भानु की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी और वर्तमान में उनकी पत्नी गर्भवती हैं। सिपाही की अचानक हुई मौत की खबर जैसे ही उनके गांव रुखालू पहुंची, पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।