बिलारी। तहसील क्षेत्र में ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों के परिवर्तन के लिए पूर्व में अधिकारियों के सामने आई शिकायतों के निस्तारण के क्रम में तहसील और ब्लॉक कार्यालय से संशोधन प्रस्ताव मांगें गए हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान केंद्रों के निर्धारण की कार्रवाई हर हाल में आगामी 16 मार्च तक पूरी की जानी है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एडीएम प्रशासन ने इस संबंध में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एसडीएम बिलारी को पत्र भेजकर संशोधन प्रस्ताव तैयार करने को कहा है। शिकायतों के निस्तारण के क्रम में पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।
पंचायतीराज विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छिरावली निवासी अनीस अहमद आदि ने छिरावली का मतदान केंद्र यथावत रखने, जलालपुर खास निवासी मोहम्मद उवैश ने गांव का मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय से हटाकर उच्च प्राथमिक विद्यालय जलालपुर में बनवाए जाने, छिरावली निवासी ऋषभ चौधरी गांव का पोलिंग बूथ प्राथमिक विद्यालय छिरावली में बनवाए जाने, भैंसोड़ निवासी कयूम ने ग्राम पंचायत के मझरा मानकपुर में नया मतदान केंद्र बनाए जाने की मांग की।
मदारपुरा बिचौला गांव निवासी राहत अली ने ग्राम मदारपुरा के वोटरों की सुविधा के लिए प्राथमिक विद्यालय मदारपुरा में मतदान स्थल बनवाए जाने तथा गन्ना विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष कुंवर कपिलराज यादव एडवोकेट ने ग्राम पंचायत स्योंडारा में प्राइमरी पाठशाला द्वितीय और परिषदीय जूनियर हाईस्कूल में मतदान केंद्र बनवाने की मांग उठाई।